IIT और मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सीटें, स्कूलों में खुलेंगी अटल लैब... जानिए स्टूडेंट्स को बजट में क्या मिली सौगात?

Budget 2025: बजट 2025 में शिक्षा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई, जिसमें मेडिकल सीटों की संख्या में 75,000 की बढ़ोतरी, 50,000 सरकारी स्कूलों में अटल लैब्स की स्थापना और IIT और IISc में 10,000 फेलोशिप का ऐलान शामिल है. जानिए बजट में एजुकेशन सेक्टर को और क्या-क्या मिला?

Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को आम बजट पेश करते हुए शिक्षा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण ऐलान किए हैं. इन घोषणाओं से देश में शिक्षा की गुणवत्ता और विस्तार में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. आइए जानते हैं इस बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए किए गए प्रमुख ऐलान:- 

मेडिकल सीटों की संख्या में बढ़ोतरी

वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि अगले साल मेडिकल कॉलेजों में 10,000 नई सीटें जोड़ी जाएंगी. इसके अलावा, अगले 5 सालों में मेडिकल की कुल 75,000 सीटें बढ़ाई जाएंगी. वर्तमान में देश में 1,12,112 MBBS सीटें हैं, जहां दाखिला नीट यूजी परीक्षा के जरिए होता है. 

अटल लैब्स और शिक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार

इसके अलावा, वित्त मंत्री ने यह भी ऐलान किया कि सरकारी स्कूलों में अटल लैब्स खोली जाएंगी. अगले 5 सालों में 50,000 सरकारी स्कूलों में अटल लैब्स स्थापित की जाएंगी, जिससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच और तकनीकी कौशल को बढ़ावा मिलेगा. इसके अलावा, IIT की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी और 5 IIT में एडिशनल इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित किया जाएगा, जिसमें IIT पटना का विस्तार भी शामिल है. 

तकनीकी अनुसंधान में 10,000 फेलोशिप

बजट में IIT और IISc में तकनीकी अनुसंधान के लिए 10,000 फेलोशिप देने का ऐलान किया गया है. यह फेलोशिप अगले 5 सालों में प्रदान की जाएगी, जिससे उच्च तकनीकी शोध को बढ़ावा मिलेगा. 

ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी और स्किल डेवलपमेंट

इतना ही नहीं, वित्त मंत्री ने यह भी घोषणा की कि सभी सरकारी माध्यमिक स्कूलों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा. इसके साथ ही, वैश्विक स्तर पर कौशल विकास के लिए 5 राष्ट्रीय कौशल केंद्र स्थापित किए जाएंगे. 

बिहार में नया राष्ट्रीय संस्थान

बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM) खोलने का ऐलान भी किया गया, जो राज्य में शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. 

भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा

वित्त मंत्री ने कहा कि विकसित भारत में गरीबी का उन्मूलन होगा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार होगा और सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी. 

calender
01 February 2025, 01:04 PM IST

जरूरी खबरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो