राहुल गांधी के आवास पहुंची दिल्ली पुलिस, कांग्रेसियों ने भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के श्रीनगर में दिए गए विवादित बयान के मामलों में दिल्ली पुलिस उनके आवास पर पहुंच गई है। दरअसल राहुल गांधी ने श्रीनगर में अपनी भारत जोड़ो यात्रा के आखिरी दिन बयान दिया था आज भी महिलाओं के साथ यौन शोषण हो रहा है।

Sagar Dwivedi
Edited By: Sagar Dwivedi

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के श्रीनगर में दिए गए विवादित बयान के मामलों में आज यानी रविवार (19 मार्च) को दिल्ली पुलिस उनके आवास पर पहुंच गई है। 'यौन उत्पीड़न' पीड़ितों के बारे में जानकारी मांगने के लिए पुलिस द्वारा दिए गए नोटिस के संबंध में स्पेशल सीपी (कानून-व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे। राहुल गांधी ने इसका उल्लेख भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपने भाषण में किया था। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस के विशेष CP और DCP इस समय राहुल गांधी के घर के अंदर मौजूद है। आपको बता दें कि राहुल गांधी से मुलाकात करने के लिए पवन खेड़ा  उनके आवास पर पहुंच गए है।

राहुल गांधी के आवास के बाहर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ' पुलिस किस नियम के तहत 45 दिन पहले हुई भारत जोड़ो यात्रा का ब्यौरा लेने के लिए राहुल गांधी के आवास पर आ रही है। सरकार सोचती है कि वे जब चाहें हमारे घरों पर पुलिस भेज सकते हैं? वे संसद को चलने नहीं दे रहे हैं। ये सरकार डरी हुई है। राहुल गांधी की टिप्पणी को हर बार हटा दिया जाता है। यह अस्वीकार्य है। उन्होंने मुझे रोकने की कोशिश की और कहा कि तुम्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं है। क्या कोई कर्फ्यू है? क्या धारा 144 लागू है ?।

पवन खेड़ा ने कहा कि ' जो घटनाक्रम है हम उसका नियामानुसार जवाब देंगे लेकिन इस तरह से आना कहां तक सही है? भारत जोड़ों यात्रा को खत्म हुए आज 45 दिन हो गए, यह आज पूछ रहे हैं।ये दर्शाता है कि सरकार घबराई हुई है। अभी मुझे अंदर जाने से रोका गया,क्यों रोका गया यह सड़क है यहां कोई भी आ जा सकता है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ' हम भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उल्लेखित घटनाओं से संबंधित सवालों के जवाब नियमानुसार देंगे। वे महिलाओं के लिए बात करना चाहते हैं... हाथरस, कठुआ में उन्होंने क्या कार्रवाई की? पुलिस के पीछे सरकार है और हम सरकार से नहीं डरते।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के घर पर दिल्ली पुलिस के पहुंचने पर राजस्थान CM अशोक गहलोत ने कहा कि 'बिना गृह मंत्रालय और बिना ऊपर के निर्देश के यह संभव नहीं कि यह(पुलिस) यहां तक पहुंचे। जब राहुल गांधी ने कह दिया कि उन्हें नोटिस मिला है वे उसका जवाब देंगे इसके बावजूद पुलिस यहां पहुंची है। इनकी हिम्मत कैसे हो गई कि यह यहां तक पहुंच गए। पूरा देश इनकी हरकतों को देख रहा है देश इन्हें माफ नहीं करेगा। आज की हरकत बेहद गंभीर है। जांच करने से कोई इंकार नहीं कर रहा है।

स्पेशल सीपी  सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि '30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी ने जो बयान दिया था उसमें ये बात कही थी की यात्रा के दौरान उन्हें बहुत सारी महिलाएं मिली थी जो रो रही थीं। उन्होंने बताया कि उनके साथ बलात्कार हुआ है। श्रीनगर में दिए गए बयान में जो बातें हुई उसे लेकर हमने उनसे कहा गया है पूरी जानकारी बताएं। चुकि उनकी यात्रा लंबी थी इस दौरान वे कई लोगों से मिले तो उन्हें कई जानकारियां एकत्र करने में समय लग सकता है पर वे जल्द से जल्द जानकारी देंगे।'

सागर प्रीत हुड्डा ने आगे कहा कि 'दिल्ली पुलिस की मीटिंग राहुल गांधी के साथ हो गई है, हमने जो जानकारी उनसे मांगी है वे हमें साझा करेंगे। उन्हें एक नोटिस दिया गया है, नोटिस उनके कार्यालय द्वारा रिसिव किया गया है। स्पेशल सीपी ने आगे बताया कि हमने जानकारी जुटाने की कोशिश की थी लेकिन हमें कोई जानकारी नहीं मिली। आज तीसरी बार पुलिस उनके आवास पर गई थी लेकिन अभी तक सांसद महोदय ने कोई जानकारी नहीं दी है।

calender
19 March 2023, 12:12 PM IST

जरूरी खबरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag