अंतरिक्ष से भी ज्यादा रहस्यमयी है समुद्र की गहराई, जहां जाने से कांप उठते हैं वैज्ञानिक – जानिए एक अनसुलझा रहस्य!

समुद्र की गहराई जितनी रहस्यमयी है उतनी ही खतरनाक भी. वैज्ञानिकों के लिए यह अब भी एक बड़ी पहेली बनी हुई है. जहां सूरज की रोशनी तक नहीं पहुंचती वहां का दबाव इतना ज्यादा होता है कि इंसान एक पल में कुचल सकता है. बरमूडा ट्रायंगल से लेकर समुद्र के अंदर उठने वाले तूफान तक ऐसे कई राज हैं जो अब तक अनसुलझे हैं. लेकिन क्या वाकई समुद्र की गहराई अंतरिक्ष से भी ज्यादा डरावनी है? जानिए इस दिलचस्प रिपोर्ट में!

Aprajita
Edited By: Aprajita

The Ocean Depths: जब भी रहस्यों की बात आती है, तो सबसे पहले अंतरिक्ष का नाम लिया जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे अपने ग्रह पर ही एक जगह ऐसी है, जो अंतरिक्ष से भी ज्यादा अनजान और खतरनाक है? जी हां, हम बात कर रहे हैं समुद्र की गहराइयों की, जहां आज भी कई राज दफन हैं और वैज्ञानिकों के लिए यह अब भी एक चुनौती बना हुआ है.

चैलेंजर डीप – सबसे गहरी जगह

समुद्र में सबसे गहरी जगह चैलेंजर डीप को माना जाता है जो प्रशांत महासागर में मारियाना ट्रेंच के दक्षिणी छोर पर स्थित है. इसकी गहराई करीब 36,000 फीट यानी 11 किलोमीटर तक है. इतनी गहराई में जाने की कोशिश अब तक गिने-चुने लोगों ने ही की है.

सिर्फ तीन लोग ही जा सके वहां तक

इस रहस्यमयी जगह की खोज 1875 में हुई थी, लेकिन आज तक सिर्फ तीन लोग ही यहां तक पहुंच पाए हैं. वो भी महज कुछ घंटों तक ही टिक सके, क्योंकि यहां का वातावरण इंसानों के लिए बेहद खतरनाक है.

जहां न रोशनी पहुंचती है, न गर्मी

समुद्र की इतनी गहराई में सूरज की रोशनी तक नहीं पहुंच पाती और वहां घना अंधेरा छाया रहता है. साथ ही, तापमान भी फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे होता है, जो किसी भी जीव के लिए खतरनाक हो सकता है.

50 जंबो जेट्स के बराबर दबाव!

चैलेंजर डीप में दबाव धरती के सामान्य वायुमंडलीय दबाव से 1,000 गुना ज्यादा होता है. इसे ऐसे समझ सकते हैं कि अगर वहां इंसान बिना किसी सुरक्षा के जाए, तो उसका शरीर 50 जंबो जेट्स के वजन से कुचल सकता है!

बरमूडा ट्रायंगल – अब तक एक अनसुलझा रहस्य

समुद्र में कई रहस्यमयी जगहें हैं, लेकिन सबसे डरावनी जगहों में से एक है बरमूडा ट्रायंगल. यह जगह नॉर्थ अटलांटिक महासागर में स्थित है और यहां कई जहाज और हवाई जहाज अचानक गायब हो चुके हैं. वैज्ञानिक आज भी नहीं समझ पाए कि आखिर वहां ऐसा क्या होता है.

खतरनाक समुद्री जीव – एक और बड़ा खतरा

समुद्र की गहराइयों में कई खतरनाक जीव भी रहते हैं, जो इंसानों के लिए घातक साबित हो सकते हैं.

  • ऑस्ट्रेलियन बॉक्स जैलीफिश – इसे दुनिया का सबसे जहरीला समुद्री जीव माना जाता है. इसका जहर इंसान के नर्वस सिस्टम को तुरंत नुकसान पहुंचा सकता है.
  • पफरफिश – यह छोटी मछली दिखने में मासूम लगती है लेकिन इसका जहर 30 लोगों की जान लेने के लिए काफी होता है, और अभी तक इसका कोई इलाज नहीं मिला है.

समुद्र के अंदर आते हैं भयंकर तूफान

हम आमतौर पर समुद्र की सतह पर उठने वाले तूफानों को देखते हैं, लेकिन समुद्र के अंदर भी तूफान आते हैं. इनका असर सतह तक भी महसूस किया जाता है और ये इतनी तबाही मचा सकते हैं कि इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है.

वैज्ञानिकों के लिए अब भी पहेली है समुद्र की गहराई

वैज्ञानिक लगातार समुद्र की गहराइयों को समझने और उनके रहस्यों को उजागर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह काम आसान नहीं है. अंतरिक्ष में इंसानों ने चांद और मंगल तक पहुंच बना ली है, लेकिन समुद्र की गहराई अब भी इंसानों के लिए एक अनसुलझी पहेली बनी हुई है. तो अगली बार जब आप समुद्र को देखें, तो सिर्फ उसकी ऊपरी सतह मत देखिए, बल्कि सोचिए कि उसकी गहराई में कौन से अनसुलझे रहस्य छिपे हो सकते हैं!

calender
19 March 2025, 09:32 PM IST

जरूरी खबरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो