WPL 2023: मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को हराकर लगाया जीत का पंच, बनी प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम

मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच मुंबई के ब्रेबोर्न क्रिकेट स्टेडिम में WPL 2023 (महिला प्रीमियर लीग) का 12वां मैच खेला गया। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स की टीम को 55 रनों से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट का लगातार पांचवां मुकाबला जीत लिया

calender
15 March 2023, 11:34 AM IST

WPL 2023 MI vs GG: मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच मुंबई के ब्रेबोर्न क्रिकेट स्टेडिम में WPL 2023 (महिला प्रीमियर लीग) का 12वां मैच खेला गया। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स की टीम को 55 रनों से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट का लगातार पांचवां मुकाबला जीत लिया। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में कुल 162 रन बनाए थे। इसके जवाब में गुजरात जायंट्स की पूरी टीम 9 विकेट के नुकसान पर महज 107 रनों पर सिमट गई।

मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 55 रन दी मात -

बता दें कि 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी गुजरात जायंट्स की टीम को शुरुआत में ही एक बड़ा झटका लगा। गुजरात जायंट्स की सलामी बल्लेबाज सोफिया डंकली महज 1 गेंद पर LBW आउट होकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद एस मेघना ने 17 गेंदों पर 16 रन और हरलीन देओल ने 23 गेंदों में 22 रनों की पारी खेली।

ऐनाबेल सदरलैंड भी फ्लॉप रही और बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गईं। इसके बाद गुजरात जायंट्स की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और हर बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहा। कप्तान स्नेहा राणा ने 20 रन बनाकर पवेलियन लौटी, तो वहीं सुषमा वर्मा ने 19 गेंदों 18 रनों की नाबाद पारी खेली।

मुंबई इंडियंस की पारी का हाल -

मुकाबले में मुंबई इंडियंस की पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। हेली मैथ्यूज को पारी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर एशले गार्डनर ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद नेट सीवर ब्रंट और यास्तिका भाटिया ने शानदार 74 रनों की साझेदारी कर मुंबई इंडियंस की मुकाबले में वापसी कराई। यास्तिका भाटिया के आउट होने के बाद हरमनप्रीत कौर और अमेलिया केर के बीच भी अर्धशतकीय साझेदारी हुई।

अमेलिया केर महज 19 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गईं। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तूफानी अर्धशतक जड़ा, इस मुकाबले में हरमनप्रीत ने कुल 30 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की आतिशी पारी खेली, हरमनप्रीत की इस पारी में 7 चौके और 2 छक्के शामिल हैं। इस दौरान हरमनप्रीत का स्ट्राइक रेट 170 से ज्यादा का रहा। यह हरमनप्रीत कौर का WPL 2023 में तीसरा अर्धशतक है।

आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस की टीम की यह लगातार पांचवीं जीत है। मुंबई इंडियंस की टीम महिला प्रीमियर लीग के प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर 10 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। इसके अलावा मुंबई इंडियंस की टीम अब तक इस टूर्नामेंट में 200 से कम का स्कोर डिफेंड करने वाली भी पहली टीम बनी।

calender
15 March 2023, 11:34 AM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो