Asian Games 2023: भारत ने हॉकी में जापान को 5-1 से हराकर जीता स्वर्ण पदक

Asian Games 2023: चीन के हांगझोऊ में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2023 में भारतीय हॉकी टीम ने गोल्ड जीत लिया है. भारतीय टीम ने फाइनल में पिछले बार की एशिया चैंपियन जापान को 5-1 से करारी शिकस्त दी.

calender

Asian Games 2023: चीन के हांगझोऊ में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2023 में भारतीय हॉकी टीम ने गोल्ड जीत लिया है. भारतीय टीम ने फाइनल में पिछले बार की एशिया चैंपियन जापान को 5-1 से करारी शिकस्त देते हुए गोल्ड मेडल जीतने में सफलता पाई है. इससे पहले पूल राउंड में भी भारत और जापान की भिड़ंत हुई थी, जिसमें भारत ने 4-2 से जीत अपने नाम की थी.  

जापान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के खिलाड़ियों ने गोल्ड जीतने के साथ ही 2024 में पेरिस में खेले जाने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है. वहीं फाइनल मुकाबले की बात करें तो पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकी थीं. फिर दूसरे क्वार्टर में मुकाबले के 25वें मिनट पर भारत की ओर से मुकाबले का पहला गोल किया गया. मनदीप सिंह ने ये गोल दाग भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. इस तरह मैच के हाफ टाइम में भारतीय टीम ने बढ़त हासिल की.

तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत ने दिलाई बढ़त

फिर तीसरे क्वार्टर में मुकाबले के 32वें मिनट पर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दूसरा गोल करके भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई. तीसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले अमित रोहिदास ने भारत के लिए तीसरा गोल दागा. इस तरह भारत ने तीसरे क्वार्टर तक 3-0 से बढ़त बनाते हुए अपनी जीत को लगभग कंफर्म कर लिया था. 

चौथे क्वार्टर में खुला जापान का खाता 

चौथे क्वार्टर की शुरुआत होते ही अभिषेक ने भारत के लिए चौथा गोल दागा. इस गोल की मदद से भारत ने 4-0 की बढ़त बना ली. चौथे क्वार्टर के छह मिनट बाद यानी 51वें मिनट पर जापान ने अपना खाता खोला और टीम को पहला गोल मिला. इसके बाद मुकाबला खत्म होने से एक मिनट पहले भारतीय खिलाड़ियों ने पांचवां गोल किया. 59वें मिनट पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने टीम के लिए पांचवां गोल कर जापान के खिलाफ भारत को 5-1 से जीत दिलाई.  First Updated : Friday, 06 October 2023