Punjab: खालिस्तान समर्थक और संगठन वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, अमृतपाल को जालंधर के नकोदर से गिरफ्तार किया गया है। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद अमृतपाल को अरेस्ट कर लिया गया। अमृतपाल की तलाश के लिए पुलिस की 5 टीमें तैनात थी। पंजाब के सभी जिलों में रविवार दोपहर 12 बजे तक के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

अमृतपाल के 6 साथियों को शनिवार दोपहर जालंधर से मोगा की तरफ जाते समय पकड़ा गया। यहां पंजाब पुलिस के घेरा डालते ही अमृतपाल खुद गाड़ी में बैठकर भाग निकला। पुलिस की लगभग 90 गाड़ियां ने लगभग डेढ़ घंटे तक पीछा किया इसके बाद उसे जालंधर के नकोदर एरिया से पकड़ा लिया गया है। हालांकि उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। 2 लोगों को अमृतसर और एक को मोगा में उसके खेतों से गिरफ्तार किया गया।

इस दौरान माहौल बिगड़ने की आशंका के चलते पंजाब में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। राज्य में रविवार दोपहर 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट और बल्क SMS सेवाएं बंद रहेगी। राज्य के फाजिल्का और मुक्तसर जिले में धारा 144 लगा दी गई है।

अजनाला थाने पर किया था हमला-

आपको बता दें कि खालिस्तान समर्थक संगठन 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल की अगुवाई में उसके हजारों समर्थकों ने 23 फरवरी 2023 को अमृतसर के अजनाला थाने पर हमला कर दिया था। इनके हाथों में बंदूकें और तलवारें थीं। ये लोग अमृतपाल के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। हमले से दबाव में आई पंजाब पुलिस को लवप्रीत सिंह तूफान को रिहा करने का ऐलान करना पड़ा था।