score Card

गर्मी से बेहाल झारखंड, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, तापमान 43 डिग्री पार!

झारखंड में भीषण गर्मी के चलते भारतीय मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए लू का 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जबकि दुमका और डाल्टनगंज में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच चुका है.

झारखंड के कई हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कुछ क्षेत्रों के लिए लू का 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिले शामिल हैं. ये अलर्ट 26 अप्रैल तक जारी रहेगा.

गुरुवार को दुमका और डाल्टनगंज जैसे शहरों में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे गर्मी का स्तर और बढ़ गया है. मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, झारखंड के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.

दुमका में 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा पारा

रांची मौसम केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य भर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने हुए हैं. इस वजह से झारखंड के दक्षिणी इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने ये भी कहा कि संथाल परगना क्षेत्र में भी तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है. बुधवार को दुमका ने 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था. इसके बाद जमशेदपुर 42.6°C और चाईबासा 42.4°C तक पहुंचे. वहीं रांची में तापमान 38.8°C रहा.

3 दिन तक तापमान में बदलाव की उम्मीद नहीं

अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले 3 दिनों तक राज्य में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा. हालांकि, 27 अप्रैल से बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है. इससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है.

झारखंड में गर्मी से राहत की उम्मीद

गर्मी के इस बढ़ते असर को देखते हुए, राज्य सरकार और प्रशासन ने लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है. इसके साथ ही, नागरिकों को भीषण गर्मी से बचने के लिए समय-समय पर पानी पीने, छांव में रहने और भारी शारीरिक गतिविधियों से बचने की सलाह दी जा रही है.

calender
24 April 2025, 03:22 PM IST

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag