मध्‍य प्रदेश: 19 नगरीय निकायों में मतदान जारी, 23 जनवरी को आएंगे परिणाम

मध्य प्रदेश के 19 नगरीय निकायों में आज चुनाव हो रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। बता दें कि पांच लाख सात हजार 308 मतदाता लगभग 720 केंद्रों पर शाम पांच बजे तक अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

मध्य प्रदेश के 19 नगरीय निकायों में आज चुनाव हो रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। बता दें कि पांच लाख सात हजार 308 मतदाता लगभग 720 केंद्रों पर शाम पांच बजे तक अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। 23 जनवरी को मतगणना और परिणाम की घोषणा होगी।

मतदान गुना जिले की नगर पालिका राघौगढ़-विजयपुर, बड़वानी जिले की बड़वानी, सेंधवा, पानसेमल, पलसूद, राजपुर, खेतिया, अंजड़, मनावर एवं पीथमपुर, अनूपपुर जिले की जैतहरी, खंडवा जिले की ओंकारेश्वर, धार जिले नगर परिषद धरमपुरी, धामनोद, राजगढ़, कुक्षी, सरदारपुर और डही में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से कराया जा रहा है।

मतदान प्रक्रिया सभी जगहों पर शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। अभी तक किसी भी मतदान केंद्र पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना की खबर नहीं है। जानकारी के मुताबिक खंडवा जिले के अंतर्गत नगर परिषद ओमकारेश्वर में नगर सरकार चुनने के लिए चल रहे मतदान की गति दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे तेज हो रही है।

मतदान के पहले दो घंटे में यहां करीब 12 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। बता दें कि तीर्थ नगरी में मतदान के लिए आम लोगों के साथ ही पंडित और पुजारी भी काफी उत्साह के साथ पहुंच रहे हैं। लगभग 9 हजार मतदाताओं के लिए यहां पर 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

वहीं एसडीएम पुनासा सीएस सोलंकी ने बताया कि मतदान के लिए संबंधित केंद्रों पर मतदाता पहुंच रहे हैं। ठंड की वजह से सुबह मतदान की गति कुछ धीमी है। सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया गया है।

बड़वानी जिले में शांतिपूर्ण मतदान जारी -

जिले की सात नगरीय निकायों में शुक्रवार को मतदान की शुरुआत हुई। सुबह छह से सात बजे के मध्य पोलिंग बूथों पर माकड्रिल की गई। सर्द हवा के बीच सुबह मतदान की शुरुआत पर भी ठंड का असर दिखाई दिया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कमी दिखी। हालांकि सुबह 8 बजे बाद मतदान में कुछ तेजी आई।

मंत्रियों से लेकर मुख्यमंत्री ने किया प्रचार -

विधानसभा चुनाव से पहले आदिवासी बहुल जिलों में हो रहे इन चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर मंत्रियों ने प्रचार किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन पदाधिकारियों ने सभा और कार्यकर्ता सम्मेलन किए। प्रदेश कांग्रेस ने निकाय चुनाव की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रभारियों और स्थानीय नेताओं को सौंपी है।

calender
20 January 2023, 10:27 AM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो